ब्यूरो संवाददाता इटावा: चंबल एवं यमुना नदी के जलस्तर में पिछले दो दिनों से हो रही धीमी गति से बढ़ोतरी के बाद गुरुवार देर शाम को चंबल नदी का जलस्तर 111.66 मीटर तो यमुना नदी का जलस्तर 116.47 मीटर पर पहुंच गया है। केंद्रीय जल आयोग केंद्र उदी स्थल प्रभारी दीपक साहू ने बताया कि चंबल नदी का जलस्तर कोटा बैराज बांध से आंशिक रूप से छोड़े गए पानी के चलते बढ़ रहा है। इससे एक सप्ताह पूर्व भी बांध से पानी छोड़ा गया था। पिछले तीन दिन पूर्व पुनः बांध से छोड़े गए पानी के चलते गुरुवार शाम 4 बजे चंबल नदी का जलस्तर 111.66 मीटर दर्ज किया गया है जो कि 10 से 12 सेंटीमीटर प्रति घंटे बढ़ रहा है। यमुना नदी के जलस्तर में वर्षा का पानी आने के कारण आंशिक रूप से बढ़ोतरी हुई है जो कि गुरुवार शाम 4 बजे 116.47 मीटर दर्ज किया गया है। यमुना नदी का जलस्तर लगभग स्थिर हो गया है। अधिक वर्षा के पानी आने पर ही बढ़ने की संभावना हो सकती है। फिलहाल दोनों नदियों के जलस्तर से किसी प्रकार की क्षति की कोई संभावना नहीं है। जलस्तर चेतावनी पाइंट से काफी दूर है।
Janvad Times Etawah (जनवाद टाइम्स इटावा): Latest, Breaking, Current & Live News की हर खबर से जुड़े रहने के लिए पढ़ते रहें