आशीष कुमार
इटावा/जसवंतनगर: क्षेत्र के सिसहाट गांव का एक युवक अपने तिलकोत्सव के लिए मैरिज होम में अपने पिता व मामा को लेकर स्कॉर्पियो से जा रहा था तभी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नदी के पुल की रेलिंग तोड़ती हुई नदी में जा गिरी और तीनों की जान बाल-बाल बच गई।
क्षेत्र के सिसहाट गांव निवासी कुलदीप यादव की शादी इटावा में 17 अप्रैल को होनी है। बुधवार को उसका तिलकोत्सव यहां नगर के एक मैरिज होम में आयोजित किया जा रहा था जहां परिजनों रिश्तेदारों व्यवहारियों का पहुंचना जारी था। सांय काल 4 बजे के करीब कुलदीप अपने पिता दिनेश यादव व मामा को लेकर अपने बहनोई की स्कॉर्पियो गाड़ी संख्या यूपी 14 ए जेड 4480 से बैकुंठी मैरिज होम जा रहा था। गांव से करीब ढाई सौ मीटर आगे निकलते ही सेंगर नदी का पुल है जहां मोड़ है उस मोड़ पर गाड़ी किसी तरह अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई और टूटी हुई रेलिंग समेत गाड़ी नदी में जा गिरी।
नदी में पानी नहीं था हालांकि मिट्टी गीली थी जिसमें उगी घास फूस व जलमंजनी में गाड़ी जा गिरी। जैसे ही तेज आवाज हुई तो खेतों पर काम कर रहे लोग व राहगीर दौड़ पड़े और उन्होंने तीनों लोगों को गाड़ी से बाहर निकाला। गाड़ी का फ्रंट शीशा टूटने के साथ ही कई जगह क्षतिग्रस्त हुई थी, लेकिन ईश्वर का शुक्र था कि गाड़ी में सवार तीनों लोगों की जान बच गई। हालांकि हल्की-फुल्की खरोंचें आई हैं। इस दौरान इकट्ठे हुए परिजन व रिश्तेदार ईश्वर को बार बार धन्यवाद दे रहे थे।

Comments
Post a Comment