ब्यूरो संवाददाता
इटावा: नगर पालिका परिषद इटावा ने सर्पमित्र डॉ आशीष त्रिपाठी को स्वच्छता,पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रचार प्रसार के लिये अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। विदित हो कि,डॉ आशीष जनपद इटावा की जनता को पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के लिये पिछले 20 वर्षों से लगातार ही जागरूक करते चले आ रहे हैं । उनके द्वारा जनपद इटावा में पिछले कई वर्षों से विभिन्न सर्पों की प्रजाति को बचाने रेस्क्यू करने व जनता को विषहीन व विषधारी सर्पों के बारे में जानकारी देकर सर्प दंश से जागरूक करने के लिये लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
डॉ आशीष त्रिपाठी संस्था (ओशन) ऑर्गनाइजेशन फ़ॉर कंजर्वेशन ऑफ एनवायरमेंट एंड नेचर के माध्यम से जनपद में अब तक कई विद्यालयों व महाविद्यालयों में पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर हजारों स्कूली / कॉलेज के छात्र छात्राओं को वन्यजीव एवं जैवविविधता संरक्षण अभियान से जोड़ने के साथ उन्हें सर्पदंश से बचाव व सर्पदंश के बारे में जानकारी दे रहे है। डॉ आशीष इटावा पुलिस सेवा डायल 112 के साथ भी जनपद में जहरीले सर्पो को घरों से सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके प्राकृतवास में छोड़ रहे है।
मिशन स्नेक बाइट डेथ फ्री इंडिया के यूपी कोर्डिनेटर डॉ आशीष के पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए किये जा रहे इन्हीं प्रयासों को दृष्टिगत रखते हुये उन्हें नगर पालिका परिषद, इटावा द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता, पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से अपना ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर पालिका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजीव यादव,महामंत्री सुनील वर्मा ने अधिशाषी अधिकारी एंव डा0 आशीष त्रिपाठी का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया ।

Comments
Post a Comment