ब्यूरो संवाददाता
इटावा: हावड़ा दिल्ली रेल मार्ग पर शुक्रवार की सुबह उस समय बड़ा हादसा टल
गया जब तेज रफ्तार से जा रही स्वर्ण जयंती झारखंड एक्सप्रेस से बाइक टकरा गई। इस
घटना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। ट्रेन से टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे
उड़ गए। लगभग 35 मिनट तक अप ट्रैक बाधित रहा। गोमती
व अजीमाबाद एक्सप्रेस भी प्रभावित हुई। आरपीएफ ने बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी
है।
ट्रेन के इंजन में फंसे बाइक के
टुकड़ों को एकत्रित किया गया और उसके बाद ट्रेन स्टाफ के साथ टीएक्सआर स्टाफ ने
इंजन को चेक किया। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो सकी। बाइक टकरानें के चलते
लगभग 35 मिनट तक ट्रैक प्रभावित रहा। जिसके
कारण पीछे आ रही गोमती एक्सप्रेस को होम सिग्नल तथा अजीमाबाद एक्सप्रेस उसके पीछे
रोका गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना, आरपीएफ के इस्पेक्टर गजेंद्र पाल सिंह, एसआई सत्यदेव यादव रेलवे सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन
तब तक बाइक सवार भाग चुका था। आरपीएफ इंस्पेक्टर गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बाइक के नम्बर के
आधार पर युवक की तलाश की जा रही है मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Comments
Post a Comment