ब्यूरो संवाददाता
इटावा: मुलायम सिंह के निधन से दुखी उनका छोटा फैन आखिरकार सैफई पहुंच ही गया। विधायक और पूर्व विधायक के साथ पहुंचकर उसने अखिलेश यादव से मुलाकात की। कानपुर स्टेशन पर जीआरपी सिपाही के द्वारा वीडियो बनाया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद अखिलेश यादव ने 10 साल के नवरत्न लाल यादव को अपने पास बुलवाया। उसने अखिलेश यादव से मुलाकात कर नेताजी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।
अकेले ही घर से निकला नवरत्न
सपा नेता पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर सुनकर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नवरत्न घर से अकेले निकल पड़ा। महराजगंज के नौतनवा के गांव मल्हनी फुलवारिया का रहने वाला 10 साल का नवरत्न लाल यादव बेटा सिकंदर यादव आखिरी बार मुलायम सिंह को देखने के लिए घर पर बिना किसी को बताए अकेले ही 525 किमी दूर सैफई की तरफ निकल पड़ा। वह ट्रेन से इटावा तक पहुंच भी गया, लेकिन रास्ता भटकने की वजह से अपनी मंजिल सैफई तक नहीं पहुंच पाया।
अखिलेश ने नवरत्न को बुलाया
कानपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने उसे रोक लिया। जानकारी देते हुए उसने बताया कि मुझे पता चला है मुलायम सिंह यादव दुनिया में नहीं रहे। इसके बाद जिन कपड़ों में घर पर था, उसी में निकल पड़ा। लक्ष्मीपुर स्टेशन से अकेले ही गोरखपुर से लखनऊ आया। इटावा पहुंचकर रास्ता भटक गया, अब कानपुर स्टेशन पर बैठा हूं। नवरत्न का ये वीडियो जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। इसकी खबर जैसे ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लगी उन्होंने नवरत्न को बुला लिया।
बच्चे की पढ़ाई का खर्चा उठाएंगे अखिलेश
महराजगंज के नौतनवा विधानसभा के पूर्व विधायक कुंवर कौशल सिंह उर्फ मुन्ना को फोन कर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संपर्क किया। बच्चे को अपने यहां बुलाने के लिए कहा। जिस पर पूर्व विधायक नवरत्न लाल यादव को शनिवार सुबह 8 बजे लेकर सैफई पहुंचे। जहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बच्चे को गोद में लिया। बच्चे से कहा की आप पढ़ाई करना चाहते हो या फिर राजनीति तो बच्चे ने जवाब दिया कि साहब हम पढ़ाई करना चाहते हैं। जिस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आप पढ़ाई करिए जो भी खर्चा होगा हम तुम्हें देंगे। आप हमारे परिवार के सदस्य हैं। जिसके बाद उन्होंने वहां पर मौजूद कोठी पर रहने वाले कार्यकर्ताओं से कहा कि पहले बच्चे को खाना खिलाइए। फिर बच्चा पूर्व विधायक के साथ वापस चला गया।
Comments
Post a Comment