ब्यूरो संवाददाता
इटावा: इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में पीएसी में सिपाही पद पर तैनात जवान ने तिलक समारोह में मिली कार का ट्रायल लेने पर अपने ही पांच रिश्तेदारों को रौंद दिया। इस हादसे में उसकी बुआ की मौत हो गई। जबकि अन्य 4 लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद खुशी में आए रिश्तेदारों में मातम छा गया।
इकदिल थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव के अरुण कुमार की शादी फफूंद से तय हुई जिस पर अकबरपुर गांव के काव्या मैरिज हाल में एक तिलक समारोह हुआ था। इसमें लड़की वालों ने दहेज में दूल्हे को कार दी थी। तिलक समारोह पूरा होने के बाद कार की पूजा करने के लिए रिश्तेदार इकट्ठा हुए। पंडित ने कार का पूजन कराया। पूजन के बाद कार के आगे नारियल फोड़ा गया। जैसे ही दूल्हे ने कार आगे बढ़ाई, उससे गलती से एक्सीलेटर ज्यादा दब गया। जिसे दूल्हा कंट्रोल नहीं कर पाया और कार सामने खड़े रिश्तेदारों को कुचलते हुए निकल गई।
हादसे में दूल्हे की बुआ सरला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रिश्तेदारों में शिवम, धर्मेंद्र, शशिचंद्रा और 10 साल की मिली गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायलों का सैफई PGI में इलाज चल रहा है। मृतक बुआ के भाई ने बताया, ''तिलक समारोह के बाद खाने-पीने के लिए रिश्तेदार जमा हुए। उसके बाद सभी रिश्तेदार अपने-अपने घर चले गए। जब घर के खास लोग बचे थे, तब पंडित ने कार का पूजन किया। उसके बाद दूल्हे से कार चलाने के लिए कहा। मैं गेट के पास खड़ी हुई थी। कार की स्पीड एकदम से इतनी तेज हो गई कि वह सीधा मेरी बहन के ऊपर चढ़ गई। उसके साथ खड़े लोग भी घायल हो गए।''
हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार अरुण PAC में जवान है। वह गाड़ी चलाना नहीं जानता है, जिस कारण यह हादसा हुआ है। वह पहली बार गाड़ी में स्टेयरिंग पर बैठा था। बताया जा रहा है कि परिवार इस हादसे को अज्ञात वाहन से होना बता रहा है। परिवार का मामला हाेने की वजह से कोई इसे तूल नहीं देना चाहता है। वहीं SSP इटावा जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment