Mainpuri News: जसवंतनगर से ऐतिहासिक जीत के साथ डिंपल यादव ने भाजपा के रघुराज को 2.88 लाख वोटों से हराया
ब्यूरो संवाददाता
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में डिंपल करीब 2,88,461 वोट से जीत गई हैं। डिंपल को 6,18,120 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को 3,29,659 ही वोट मिल सके। जसवंतनगर सीट पर डिंपल को सबसे बड़ी बढ़त मिली है। यहां नेताजी को 2019 में 94 हजार से ज्यादा वोट मिले थे।
डिंपल यादव को विधानसभा बार मिली जीत
मैनपुरी 37 हजार, भोगांव 25 हजार, किशनी 44 हजार, करहल 75 हजार, जसवंतनगर 1.07लाख
प्रसपा का सपा में विलय
मैनपुरी उपचुनाव के नतीजों ने मुलायम परिवार को सियासी तौर पर भी एक कर दिया है। शिवपाल यादव के आवास और गाड़ी पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया का झंडा हटा दिया गया है। इसकी जगह समाजवादी पार्टी के झंडे ने ले ली है। अखिलेश यादव ने स्वयं शिवपाल यादव को सपा का झंडा सौंपा। इसके बाद प्रसपा का सपा में विलय हो गया। प्रसपा का सपा में विलय होने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी की जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया है। उन्होंने इलेक्शन कमिशन को रामपुर में मतदगणना का संज्ञान लेने को कहा। उन्होंने मीडिया से भी सहयोग की अपील की। आरोप लगाया कि प्रशासन रामपुर में सपा को हरवा सकता है, ऐसे में जब तक पूरे नतीजे नहीं आ जाते तब तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
2027 तक प्रदेश की राजनीति में ही रहूंगा: शिवपाल
शिवपाल यादव ने कहा, "यह जीत नेताजी के आशीर्वाद और आदर्श की है। जितना प्रताड़ित और उत्पीड़ित जनता को किया गया है, जनता ने उसका जवाब दिया है। मेरी बात सही साबित हुई। जसवंत नगर ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। अब लोहियावादी, अंबेडकरवादी और चरणसिंहवादी सभी एक हो रहे हैं। इसका असर आने वाले समय में और दिखाई देगा। हम सभी एक हैं। पूरा परिवार एक है और मुझे जो जिम्मेदारी दी जाएगी, मैं उसे निभाऊंगा। वह कोई भी जिम्मेदारी हो। 2027 तक प्रदेश की राजनीति में ही रहूंगा। "
शिवपाल यादव ने ट्वीट कर जनता को दिया धन्यवाद
शिवपाल ने लिखा- मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं से मिले आशीर्वाद, स्नेह व अपार जनसमर्थन के लिए सम्मानित जनता, शुभचिंतकों, मित्रों व कर्मठ कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार. जसवंतनगर की सम्मानित जनता द्वारा श्रीमती डिम्पल यादव जी को दिए गए आशीर्वाद के लिए जसवंतनगर वासियों का सहृदय धन्यवाद।
Comments
Post a Comment