ब्यूरो संवाददाता
इटावा: मध्यप्रदेश की इंदौर कारागार से फरार सगे भाइयों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। बिठौली पुलिस और एसओजी की टीम ने मर्दानपुरा और बल्लो की गढ़िया के बीच पुलिस मुठभेड़ में रोहित यादव और आशीष यादव को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक तमंचा, 3 जिंदा कारतूस, चाकू और बिना नंबर की मोटर साइकिल बरामद हुई है।
रोहित यादव करीब 10 माह पूर्व इंदौर कारागार से और 18 माह पहले भिंड जेल से फरार हुआ था। रोहित यादव पर 5 और आशीष यादव के खिलाफ 7 आपराधिक मामले दर्ज है। मंगलवार की शाम को बिठौली पुलिस ने वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। जिसमें एक बिना नंबर प्लेट मोटर साइकिल पर सवार दो युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उनको रोकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रोहित यादव पुत्र जनरैल सिंह निवासिग्र सागली थाना फूफ जिला भिंड मध्य प्रदेश और इसका बड़ा भाई आशीष यादव उर्फ आशू बताया इन दोनों की तलाशी लेने पर एक तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू एक मोटर साइकिल बरामद हुई है।
एसएसपी संजय कुमार ने बताया कि दोनों पकड़े गए शातिर अपराधियों से पूछताछ में बताया है कि रोहित यादव मध्यप्रदेश के इंदौर जिला कारागार से 10 माह पूर्व और भिंड जेल से 18 माह पूर्व फरार हो चुका है और फरारी के दौरान इसने अपराध को भी अंजाम दिया है। यह अपराधी भिंड से इनामी घोषित है। दोनों ही अपराधियों पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है और इनसे आगे पूछताछ की जा रही है कि इटावा जिले में किस घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।

Comments
Post a Comment