संवाददाता: मनोज कुमार
इटावा/जसवंतनगर: बाइक द्वारा अपनी रिश्तेदारी से लौट रहे एक 32 वर्षीय मजदूर व्यक्ति को बीती रात मीठेपुर गांव के फ्लाईओवर पर कोई अज्ञात वाहन रौंद गया। इस व्यक्ति का शव बाद में यहां जसवंतनगर कस्बे के फ्लाईओवर पर पड़ा हुआ मिला। इससे यह लगता है कि दुर्घटना के बाद व्यक्ति का शव टक्कर मारने वाले वाहन में फस गया और बाद में मीठेपुर से करीब 8 किलोमीटर दूर आगे आकर जसवंतनगर के फ्लाईओवर पर गिरा।
जानकारी के अनुसार मृतक जयवीर सिंह (32 वर्ष) पुत्र जयराम सिंह बघेल निवासी धौलपुर खेड़ा बाइक द्वारा अपनी रिश्तेदारी कठफोरी गया हुआ था। वहां से करीब रात 9 बजे अपनी बाइक संख्या यूपी 75 ए एच, 9013 से अपने गांव धौलपुर खेड़ा लौटने के लिए रवाना हुआ था। लौटने के दौरान उसका एक्सीडेंट मीठेपुर ओवर ब्रिज पर हुआ,जहां उसकी बाइक पड़ी मिली है।
थाना प्रभारी जसवंतनगर मुकेश सोलंकी ने बताया है कि पुलिस को रात 9 बजे के आसपास जसवंतनगर ओवरब्रिज पर एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और शव की शिनाख्त में जुट गई। बाद में पता चला कि मृत व्यक्ति धौलपुर गांव खेड़ा गांव का निवासी है और उसकी दुर्घटनाग्रस्त बाइक मीठेपुर में पड़ी है। बाद में पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए इटावा भेज दिया। बताया गया है कि मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी संध्या और दो बेटियों को छोड़ गया है।

Comments
Post a Comment