ब्यूरो संवाददाता
इटावा: आगरा जाने वाली ईएमयू पैसेंजर ट्रेन अब इटावा जंक्शन से नहीं बल्कि फफूंद रेलवे स्टेशन से चला करेगी। ट्रेन को चलाने के लिए रेलवे के द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है। 28 जनवरी को सांसद डॉ रामशंकर कठेरिया रेलवे के आला अधिकारियों के साथ ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और 29 जनवरी से बिधिवत ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। फफूंद के अलावा और भी क्षेत्र के लोगों को इस ट्रेन का काफी लाभ मिलेगा।
गाड़ी संख्या 04179 कानपुर फफूंद पैसेंजर ट्रेन का भी विस्तार अप्रैल 2022 में हो चुका है। पहले यह ट्रेन सिर्फ फफूंद तक आती थी लेकिन अब यह ट्रेन इटावा तक आ रही है। इसी तरह इटावा से सुबह 5:45 बजे आगरा जाने बाली गाड़ी संख्या 64157 इटावा आगरा पैसेंजर को अब फफूंद से चलाने की तैयारी चल रही है। इन दोनों ट्रेनों के विस्तार की मांग काफी समय से लोगों के द्वारा सांसद डॉ रामशंकर कठेरिया से की गई थी और उन्होंने इसके लिए रेल मंत्रालय में काफी पहल भी की थी। इसके बाद रेलवे वोर्ड में मंथन हुआ और पहले इटावा फफूंद पैसेंजर ट्रेन का विस्तार किया गया और अब इटावा आगरा पैसेंजर ट्रेन के विस्तार की तैयारी चल रही है।
इटावा से आगरा जाने वाली गाड़ी संख्या 64157 ईएमयू पैसेंजर जो सुबह 5:45 बजे आगरा के लिए रवाना होती थी। अब यह ट्रेन फफूंद स्टेशन से चला करेगी। अभी तक यह ट्रेन रात में आगरा से लौटने के बाद इटावा जंक्शन पर ही खड़ी रहती थी लेकिन विस्तार के बाद यह ट्रेन फफूंद से आगरा के लिए चलाई जाएगी। इससे फफूंद के अलावा पाता, अछल्दा, साम्हो, भरथना व इकदिल के यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों के लोग अब आराम से इसी पैसेंजर ट्रेन के द्वारा आगरा तक की यात्रा कर सकेंगे

Comments
Post a Comment