ब्यूरो संवाददाता
इटावा: माध्यमिक शिक्षा परिषद उ0प्र0 प्रयागराज द्वारा आयोजित वर्ष 2023 की हाईस्कूल/इण्टरमीडिएट परीक्षाओं में नकल की रोकथाम एवं परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु जिलाधिकारी इटावा अवनीश राय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में समस्त जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केन्द्र व्यवस्थापकों की एक आवश्यक प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। उसमें उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों के विषय में प्रशिक्षित किया गया। बैठक में निम्नवत निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी इटावा के द्वारा उपस्थित जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों को सम्बोधित करते हुए निर्देशित किया गया कि बोर्ड परीक्षा को निर्वाचन की तरह आप सभी लोग सम्पन्न करायें। जिस प्रकार आप सभी निर्वाचन के समस्त कार्यों एवं दायित्वों का बखूबी निर्वहन करते हुए उसी प्रकार बोर्ड परीक्षा के लिए जारी निर्देशों का भी आप भली-भांति अनुशीलन कर लें जिससे कार्य को सम्पन्न कराये जाने में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना ना करना पड़े। किसी भी समस्या को अगले दिवस के लिए न रखे, तत्काल अपने उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत करायें। जिलाधिकारी इटावा के द्वारा निर्देशित किया गया कि समस्त उप जिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। समस्त जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा केन्द्र की सफाई, विशेष रूप से शौचालय की सफाई सुनिश्चित की जाय तथा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर शुद्व पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाय। परीक्षार्थियों के माता-पिता या अभिभावक जो यदि परीक्षा केन्द्रों के बाहर उपस्थित हों तो उनके लिए भी स्वच्छ पेय-जल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय तथा आस-पास के सार्वजनिक शौचालयों में भी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। जनपद में निर्धारित 73 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा के दौरान किसी परीक्षार्थी की अचानक तबियत खराब होने की स्थिति से निपटने हेतु एक महिला एवं पुरूष डाक्टर तथा समस्त संसाधनों सहित एक एम्बुलेंस परीक्षा केन्द्रों का पूल तैयार कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी तैनात करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बालिकाओं की चेकिंग पर्दे में केवल महिलाओं द्वारा ही की जाएगी, किसी भी दशा में सचल/निरीक्षण दल के पुरूष सदस्य द्वारा बालिकाओं की तलाशी नहीं ली जाएगी। परीक्षा केन्द्र परिसर के अन्दर मोबाइल फोन अथवा ऐसे इलैक्ट्रानिक संयंत्र जिससे अनुचित साधन प्रयोग की आशंका हो, ले जाने की अनुमति कदापि न दी जाय। कक्ष निरीक्षकों एवं परीक्षा कार्य में संलग्न अन्य कार्मिकों के मोबाइल फोन मुख्य प्रवेश द्वार पर एक डिब्बा रखकर या उसके निकट रखने की समुचित व्यवस्था की जाए। किसी भी दशा में मोबाइल फोन उस कक्ष में न रखे जायं जहाँ प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकायें रखी हों। छात्र/छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के बैग, एवं पठन-पाठन सामग्री को रखे जाने हेतु क्लाॅक रूम की व्यवस्था की जाए।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा ने केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि इस नकल की रोकथाम के लिए शासन/विभाग के द्वारा बार कोड एवं अलग-अलग रंग की सिली हुई उत्तर पुस्तिकाओं को भेजा गया है। समस्त केन्द्र व्यवस्थापक विशेष रूप से ध्यान रखेंगे कि परीक्षा केन्द्र पर नियुक्त कक्ष निरीक्षक, पहचान पत्र सहित आधार कार्ड के साथ कक्ष निरीक्षक का कार्य करते हुए नकलविहीन परीक्षाएं सम्पादित करायेंगे। किसी भी दशा में विषय से सम्बन्धित अध्यापक अपने विषय से सम्बन्धित परीक्षाओं में कक्ष निरीक्षक का कार्य नहीं करेंगे।

Comments
Post a Comment