ब्यूरो संवाददाता
इटावा: बिजली विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल का असर दिखने लगा है। संविदा कर्मियों के काम न करने से हालात बिगड़ते हैं। शहर सहित आधे जिले में अंधेरा छाया रहा। बिजली न आने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा तो पानी की किल्लत भी बनी रही। बिजली आपूर्ति ठप होने पर शहर में लोगों ने पुरबिया टोला रोड पर जाम लगा दिया। मामले की जानकारी पर मजिस्ट्रेट पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दो दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से क्षेत्रवासियों में गुस्सा बढ़ गया है। आधा जिला अंधेरे में डूबा हुआ है। लोगों का कहना है कि जब तक लाइट नहीं आएगी, तब तक यहां से नहीं उठेंगे।
बताते चलें दो दिन से विद्युतकर्मी प्रदेशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल पर हैं। लेकिन दो दिन से विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण लोग बिजली और पानी की समस्या को लेकर सड़क कर उतर गए। पुरबिया टोला मोहल्ला में महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य लोग सड़क पर धरने पर बैठ गए। लोगों की शिकायत है कि शुक्रवार देर रात 1 बजे से सप्लाई बाधित है, जिस कारण ना तो पानी मिल पा रहा है और ना ही बच्चे पढ़ पा रहे हैं। बिजली सप्लाई बंद होने से बुरा हाल है। विभाग के लोगों को फोन करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन कनेक्ट नहीं हो पा रहा है।
बड़ी तादाद में गुस्साए लोगों ने एकजुट होकर जाम लगा दिया है। जाम की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन गुस्साए लोग बड़े अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। कुछ देर बार मजिस्ट्रेट पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन क्षेत्रवासी का कहना है कि जब तक लाइट नहीं आएगी, तब तक यहां से नहीं हटेंगे। अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
हालत यह है कि दो दिन बिजली गुल रहने से इनवर्टर भी जवाब दे गए तथा बिजली न होने के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। बाजार में दुकानदार अंधेरे में बैठे दिखे तो वहीं बिजली से चलने वाले कारखानों में भी काम नहीं हो सका। भले ही प्रशासन के द्वारा बिजली की समस्याओं से निपटने के इंतजाम किए गए लेकिन वो फेल हुए। सर्किल कार्यालय पर हड़ताली कर्मचारियों का दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा।

Comments
Post a Comment