ब्यूरो संवाददाता
इटावा: बिजली विभाग के इंजीनियरों व कर्मचारियों की हड़ताल का जहां जिले में असर दिखाई दे रहा है। वहीं हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित होने लगी है। शनिवार को जिला अस्पताल में स्वतंत्र फीडर होने के बाद भी आधे अस्पताल की बिजली गुल रही जिससे सीटी स्कैन व डिजिटल एक्सरे नहीं हो सके इससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। परेशान मरीजों व उनके परिवारी जनों में काफी नाराजगी भी देखी गई।
शुक्रवार से ही शहर में हड़ताल के चलते कई स्थानों पर बिजली की सप्लाई प्रभावित हुई है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में सही से कामकाज होता रहा लेकिन शनिवार को यहां पर बिजली ना होने के कारण कई कार्य प्रभावित हुए जिससे मरीज परेशान होते रहे। सीटी स्कैन सेंटर पर दोपहर 12:30 बजे तक 25 से ज्यादा परिचय जमा हो गए थे दूरदराज से लोग सुबह 9:00 बजे से ही सीटी स्कैन कराने के लिए पहुंचने लगे थे लेकिन लेकिन दोपहर बाद तक उनके सीटी नहीं हो सके और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। सीटी स्कैन सेंटर के बाहर ही लिखकर टांग दिया गया था कि बिजली न होने के कारण सीटी स्कैन बंद है लेकिन उसके बाद भी काफी समय तक लोग यहां पर डटे रहे। डिजिटल एक्सरे के लिए भी 80 से ज्यादा पर्चे जमा हो गए थे। सुबह 11:00 बजे तक यहां पर लगभग 25 एक्स-रे हो चुके थे लेकिन उसके बाद बिजली का वोल्टेज घटने बढ़ने के कारण मशीन बंद हो गई थी जिनके एक्स-रे नहीं हुए उन्हें भी निराश होकर लौटना पड़ा। एक्सरे टेक्निशियन अरुण कुमार ने बताया कि बिजली की समस्या के लिए सीएमएस को लिख कर दिया गया है। जब बिजली दुरुस्त हो जाएगी तो मरीजों के एक्स-रे किए जाएंगे।
लाखों की मशीन चलाने के लिए जिला अस्पताल में नहीं है जनरेटर व्यवस्था
हड़ताल के चलते शनिवार को जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों के सीटी स्कैन नहीं हो सके इससे मरीजों और उनके परिजनों में काफी नाराजगी देखी गई। उनका कहना था कि जब हड़ताल की जानकारी पहले से थी तो अस्पताल प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था करके रखनी चाहिए थी। अछल्दा के शिवमंगल सिंह अपनी दादी का सीटी कराने के लिए आए थे और वह 4 घंटे तक इंतजार करते रहे।
वही पचावली के सोनू अपने भाई का, बाबरपुर की जूली अपने सिर का तथा बिरसिंहपुर भरथना के रामकिशोर अपनी नाक का सीटी स्कैन कराने के लिए घंटों खड़े रहे, इनके अलावा अन्य लोगों को बिना सीटी कराए ही निराश होकर लौटना पड़ा। इसी प्रकार अड्डा जालिम के रामकिशन, कांशीराम कॉलोनी की शकीला, पक्का वाग के देव दयाल, पछॉयगांव के भागीरथ के अलावा अन्य मरीज बिना एक्स-रे कराए ही लौट गए।
कोल्ड स्टोर संचालको ने भी जिला प्रशासन से लगाई गुहार
जिले के कोल्ड स्टोर संचालको ने जिला प्रशासन व बिजली विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई है कि रात 2:00 बजे से बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से फेल है। कोल्ड स्टोर में आलू भंडारण का काम तेजी से चल रहा है तथा आलू को सुरक्षित रखने के लिए बिजली का होना अति आवश्यक है। जिले के प्रशासनिक व बिजली विभाग के अधिकारियों से निवेदन है के कोल्ड स्टोर में आलू के भंडारण को सुरक्षित रखने के लिए गंभीरता से संज्ञान लें और कोई वैकल्पिक हल निकाले।


Comments
Post a Comment