ब्यूरो संवाददाता
इटावा: जसवंतनगर के ग्राम कुंजपुर में नट मेला सोमवार को शुरु हो गया है। इसका शुभारम्भ समाजवादी पार्टी के नेता चंदगीराम यादव प्रधान ने फीता काटकर तथा नट बाबा आसाराम की मूर्ति के समक्ष हवन पूजन कर किया।
पिछले दो दशकों से कुंजपुर का नट मेला बड़े स्तर पर लगने लगा है यद्यपि इन नट बाबा आसाराम की पूजा का कार्यक्रम 200 वर्ष पुराना है। मेले में काफी संख्या में दुकाने, खेल तमाशा, झूले तथा मनोरंजन के अन्य साधन लगाए गए हैं। नट बजानिया समाज के लोगों का देश के विभिन्न प्रदेशों से आने का क्रम जारी है। नट मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष रामवीर सिंह यादव के अनुसार मेले में 22 राज्यों से नट बजानिया समाज के लोग यहां पहुंचने की जानकारी मिल रही है।
दो दिन बाद नट बजानिया समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञान सिंह भी मेले में भाग लेने के लिए यहां आ रहे है। उन्होंने बताया ग्रामीणों के सहयोग से सभी आगंतुकों के रहने की व्यवस्था कराई जा रही है । पिछले 3 वर्षों से कोविड प्रोटोकॉल के तहत मेले को सही ढंग से नहीं लगाया जा सका था। इस कारण इस वर्ष ज्यादा संख्या में नट बाबा आसाराम के अनुयायियों के आने की संभावना है। उद्घाटन के दौरान जंडैल सिंह ,जोगिंदर सिंह, रिंकू तथा बड़ी संख्या में नट बजानिया समाज के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। मेले में सुरक्षा के दृष्टिकोण से वैदपुरा थाना पुलिस पीएसी तथा फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंच गई है।


Comments
Post a Comment