ब्यूरो संवाददाता
इटावा: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक समन्वय समिति के आह्वान पर शिक्षकों नें सात सूत्रीय मांगो को लेकर मूल्याँकन का जबरदस्त बहिष्कार किया। शिक्षक नेताओं ने मांगों के समर्थन में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज,राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज एवं इस्लामिया इंटर कॉलेज इटावा के मूल्यांकन केंद्र पर जमकर प्रदर्शन किया। शिक्षक नेताओं ने सैकड़ों की संख्या में चारों विद्यालयों मैं शिक्षकों के साथ सभा की।
शिक्षक साथ दें, मांगे पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन : नारायण द्विवेदी
प्रांतीय संयोजक संरक्षण समिति श्री नारायण द्विवेदी ने कहा कि शिक्षकों को अपने अस्मिता की लड़ाई लड़ने के लिए खुद आगे आना होगा। यह संघर्ष शिक्षकों को समर्पित है। प्रांतीय मन्त्री अरुण दुबे ने कहा कि आंदोलन का विरोध करने वाले द्रोहियों की शिक्षक समुदाय कभी माफ नही करेगा। पुरानी पेंशन कर्मचारियों का हक है, हम संघर्षों के दम पर इसे लेकर रहेंगे। आंदोलन का नेतृत्व समन्वय समिति के संयोजक राजकुमार वर्मा ने किया।
जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह चौहान ने बताया कि मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सनातन धर्म इंटर कॉलेज में 140 परीक्षक, इस्लामिया इंटर कॉलेज में 90, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 225, एवं राजकीय इंटर कॉलेज इटावा मे 230 परीक्षकों ने मूल्यांकन बहिष्कार में सहयोग किया, जबकि इन केंद्रो मे नियुक्ति क्रमानुसार सनातन धर्म मे 290, इस्लामिया 240, राजकीय बालिका 536 एवं 519 परीक्षक राजकीय इंटर कॉलेज में नियुक्त हुए हैं।
पुरानी पेंशन बहाल करने, अद्धतन तदर्थ शिक्षकों का विनियमितिकरण करने, वित्तविहीन विद्यालयों की मान्यता की धारा 7 (4) में संशोधन व वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय घोषित करने, माध्यमिक शिक्षकों को भी चिकित्सा सुविधा का लाभ देने, अमेलित विषय विशेषज्ञों को पुरानी पेंशन का लाभ, 2005 के पहले के विज्ञापनों के सेवारत शिक्षको को पुरानी पेंशन व इत्यादि मांगों के समर्थन में बोर्ड पारिश्रमिक दरों को सीबीएसई के बराबर करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इस दौरान जिला मन्त्री मनोज त्रिपाठी, विनय वर्मा, इरशाद अहमद खान, सुमित नारायण, कलीमुल्लाह, विजय पटेल, पंकज कुमार, अनवर आलम, मनोज कुमार सिंह, राजेश सिंह, आशुतोष तिवारी, अवधेश मिश्रा, प्रभास रंजन, योगेश प्रताप सिंह, शैलेंद्र कुमार, आशुतोष कुमार बघेल, रमेश बाबू, संदीप शुक्ला,राजीव दुबे, मंजू दुबे, ज्योति शुक्ला, पूजा, चंद्रकांती त्रिपाठी, सुनीता साहू सहित सैकड़ों शिक्षक साथी उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment