ब्यूरो संवाददाता
इटावा: फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके से छात्र जनवरी से लापता हुए एक स्कूली छात्र को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने छात्र को तीन माह बाद दिल्ली से बरामद कर लिया है। छात्र के मुताबिक, फीस के रुपए गिर जाने से वह डर के कारण दिल्ली भाग गया था।
बताते चलें सुभाष चंद्र यादव का नाबालिग पुत्र कक्षा 8 का छात्र है। वह 19 जनवरी से लापता था। छात्र के लापता होने के बाद परिजन एकत्रित होकर एसएसपी आवास पर पुलिस की सुस्त कार्रवाई से नाराज होकर फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस पर आरोप लगाए थे। किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त की थी। जिसके बाद एसएसपी ने स्कूली छात्र को ढूंढने के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच टीम को उसकी खोजबीन में लगाया था।
सोमवार को छात्र और उसके परिजन इटावा एसएसपी से मिलने पहुंचे और छात्र के परिजन बेहद खुश नजर आ रहे हैं। परिजन लगातार अनहोनी की आशंका जता रहे थे। बताया जा रहा है कि इस्टाग्राम कॉल ने स्कूली छात्र का सुराग दे दिया जिसके बाद पुलिस ने छात्र को बरामद कर लिया। स्कूली छात्र अपनी स्कूल की फीस के पैसे गिर जाने के डर से घर से भाग करके आगरा होते हुए दिल्ली जा पहुंचा था। जहां उसे दिल्ली के एक होटल में वेटर के रूप में काम मिल गया। बरामद छात्र दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक होटल में वेटर के रूप में काम कर रहा था। होटल प्रबंधन ने छात्र को 18 हजार रुपए प्रति माह के रूप में अपने यहां वेटर के रूप में काम दिया हुआ था। बरामद छात्र को इटावा के एसएसपी संजय कुमार वर्मा के सामने पेश किया गया। जहां एसएसपी ने छात्र को नसीहत देते हुए कहा कि आइंदा से इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि कोई भी ऐसी गलती नहीं की जाए जिससे परिजन और पुलिस परेशान हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि इटावा पुलिस के लिए यह विषय इसलिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ था क्योंकि परिजन लगातार अनहोनी की आशंका जता रहे थे। छात्र के परिजन बेहद खुश हैं। उन्हें भरोसा नहीं हो रहा है कि उनका बेटा उनके सामने आ चुका है। लेकिन जब वह सामने नहीं था तो परिवारीजन बेहद दुखी और परेशान नजर आ रहे थे।

Comments
Post a Comment