संवाददाता: दिलीप कुमार
इटावा/लखना: क्षेत्र के कालिका देबी मंदिर में शादी की पूजा करने आये युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गयी। मंदिर के पास स्थित तालाब में नहाने की वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार युवक नहा रहा था तभी डूब गया। घटना से कोहराम मच गया।
कानपुर देहात के सिकन्दरा थाना क्षेत्र के रामपुरा के रहने वाले नितीश कुमार पाल(28) की हाल ही में शादी हुयी थी। शादी की पूजा करने के लिये वह शनिवार की सुबह अपनी मां उमादेवी व पत्नी बेबी के साथ कस्बा लखना स्थित कालिका देवी मंदिर पर आया था। मंदिर से कुछ ही दूरी पर स्थित तालाब में नहाने की परंपरा के अनुसार वह तालाब में नहाने के लिये उतरा था। तभी वह डूब गया। परिजनों ने उसको डूबते देखा तो चीख पुकार करने लगे। तालाब पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों में से किसी का भी साहस नहीं हुआ कि वे तालाब में उतरकर युवक को बचा सकें। मंदिर की सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों ने चौकी प्रभारी को सूचना दी।
सूचना पर पहुचे चौकी प्रभारी संजय दुबे ने गोताखोरों को बुलाया और एक घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक को खोजकर बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सीओ विवेक जावला व थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने घटना स्थल पर पहुंचकर छानबीन की। मृतक की मां उमादेवी ने बताया कि शादी के बाद कुलदेवी की पूजा होती है, वही पूजा करने आयी थीं। तालाब में नहाने के लिये मना भी किया था लेकिन वह नहीं माना। उधर पत्नी की हालत पति की मौत के बाद से खराब है। वह बार बार बेसुध हो रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

Comments
Post a Comment