ब्यूरो संवाददाता
इटावा : लायन सफारी में गुरुवार को एक और शेर के बच्चे की मौत हो गई। 5 दिन में 4 शावकों की मौत हुई है। 1 शावक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सफारी के उप निदेशक जय प्रकाश सिंह ने बताया कि 9 जुलाई को पैदा हुए चौथे शावक की मौत आज सुबह 8.30 बजे हुई है। पार्क के पशु डॉक्टरों की टीम ने जांच में पाया कि पेट फूलने और सांस लेने में दिक्कत थी। शावक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भेजा जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।
लायन सफारी में शेरनी ने 6 जुलाई को एक शावक को जन्म दिया था। 9 जुलाई को शेरनी ने दिन में एक और रात में दो शावकों को जन्म दिया। बताया जा रहा है कि रात में जन्मे दो शावकों में एक मृत था। वहीं दूसरा काफी कमजोर था। जिससे चलते उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद 10 जुलाई को भी एक शावक पैदा हुआ। लेकिन डिसटोकिया के कारण उसकी मौत हो गई। इस तरह 6 जुलाई तक पांच शावकों ने जन्म लिया। इनमें 4 शावकों की मौत हो चुकी है। 6 जुलाई को जन्मा शावक ही जिंदा बचा है, लेकिन उसकी भी हालत गंभीर है। उसे सफारी के नियो नेटल सेंटर में वन्यजीव डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
जानवरों के एक्सपर्ट कहते हैं कि भारतीय बब्बर शेरों में पहली बार प्रसव के दौरान लगभग 100 घंटे में 5 शावकों का जन्म लेना एक दुर्लभ घटना है। गुजरात के विशेषज्ञों ने भी बताया कि भारतीय बब्बर शेरों में फर्स्ट टाइम डिलीवरी के दौरान पैदा शावकों का बच पाना मुश्किल होता है।
बता दें कि बीते 8 साल में अब तक 21 बब्बर शेर-शेरनी और शावकों की मौत हो चुकी है। इन मौतों में हाल ही में हुए 4 शावकों की मौत भी शामिल है। इन मौतों के बाद सफारी प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि शावकों की मौतों को पहले सफारी प्रशासन ने छिपाया। फिर इसकी जानकारी दो अलग-अलग दिनों में जारी की गई।

Comments
Post a Comment