Etawah News : सैफई अस्पताल के थप्पड़बाज दोनों डॉक्टर सस्पेंड, मुकदमा भी दर्ज, डीएम ने बनायी जांच कमेटी
ब्यूरो संवाददाता
इटावा/सैफई : मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रामा सेंटर के हड्डी रोग वार्ड में भर्ती मरीज के साथ मारपीट के आरोपी डाक्टर को कुलपति ने सस्पेंड कर दिया है। मरीज के साथ पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कमेटी बनाकर जांच करायी गयी थी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कुलपति ने ये कार्रवाई की है। उधर मरीज की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
ट्रामा सेंटर के हड्डी रोग वार्ड में दो डाक्टरों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वे अलग अलग मरीज के साथ मारपीट करते नजर आये थे। इसका वीडियो संज्ञान में आने के बाद कुलपति ने यूनिवर्सिटी की एक टीम बनाकर पूरे मामले की जंाच करायी तो मामला सामने आया। कमेटी ने अपनी जांच रिपोर्ट में डाक्टर को दोषी माना और सस्पेंड करने की संस्तुति की। सोमवार को रिपोर्ट मिलने के बाद कुलपति डा.प्रभात कुमार ने दोनों डाक्टर अमन श्रीवास्तव व डा.दास को सस्पेंड कर दिया है।
देखें वायरल विडियो: सैफई अस्पताल में भर्ती मरीजों को डॉक्टर ने मारे थप्पड़, पुलिसकर्मी के सामने डॉक्टर बने हैवान
मरीज सौरभ निवासी नगला दिलीप करहल मैनपुरी के साथ मारपीट की गयी थी उसकी तहरीर पर सैफई थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। मुकदमे में मरीज ने कहा कि वह 18 नंबर बेड पर भर्ती था, एक डाक्टर अमन श्रीवास्तव सौरभ पुत्र अवधेश कुमार निवासी नगला दिलीप थाना करहल जिला मैनपुरी नें दर्ज कराए मुकदमे में दर्शाया वह पुरुष हड्डी वार्ड में बेड नंबर 18 पर भर्ती था। एक डाक्टर जिनको सब अमन श्रीवास्तव नाम से बुलाते थे उन्होंने 11 जुलाई को मारपीट की। जबकि एक दिन पहले इसी वार्ड में बेड नं.11 पर भर्ती गुड्डू खां निवासी रसूलपुर फिरोजाबाद के साथ भी मारपीट की गयी थी। गुड्डू खां ने डा.दास पर आरोप लगाया था। कुलपति डा.प्रभात कुमार ने बताया कि कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर दोनों डाक्टर को सस्पेंड किया गया है।
मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद शासन ने डीएम को पूरे मामले की जांच कराकर रिपोर्ट तलब की है। शासन के निर्देश पर डीएम अवनीश राय ने एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। इसमें एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह, सीओ सैफई नागेंद्र चौबे, एसडीएम, तहसीलदार भी शामिल हैं। कमेटी ने सोमवार को ट्रामा सेंटर पहुंचकर भर्ती मरीज सौरभ के बयान लिये। उन्होंने वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों से भी बातचीत की। मरीजों ने बताया कि मारपीट करने वाले डाक्टर उस दिन से वार्ड में नहीं आ रहे हैं।

Comments
Post a Comment