ब्यूरो संवाददाता
इटावा : मंडी पुल निकट भरथना चौराहा पर एक निजी स्कूल में बतौर शिक्षक तैनात प्रवीण गुप्ता पुत्र नरेश चंद्र गुप्ता को कुछ दबंग लड़कों ने बीच सड़क लाठी-डंडों से पीट दिया। शिक्षक को सिर्फ इसलिए मारा गया क्योंकि उसने दबंगों को लड़कियों के साथ कोचिंग पढ़ाने के लिए मना कर दिया था। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। इस वीडियो में तीन से चार लड़के शिक्षक को पीटते हुए दिख रहे हैं।
गुरुवार की शाम प्रवीण कोचिंग से वापस अपने घर स्कूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दबंगों ने उन्हें रोक लिया और पीटने लगे। वहीं मोहल्ले के लोगों ने उन्हें रोकने का भरसक प्रयास किया। लेकिन लड़कों ने प्रवीण को पकड़ लिया। पहले उसे एक जगह बैठाया। फिर लाठी-डंडे लेकर टूट पड़े। वहीं मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मारपीट के बाद शिक्षक प्रवीण ने थाने में तहरीर दी है। प्रवीण ने तहरीर में बताया, ''मंस कोचिंग से घर जा रहा था। इसी दौरान मोहल्ला महावीर नगर में अमोल की दुकान के सामने अमित कुमार एवं सुमित कुमार और उनके पिता प्रभात कुमार यादव निवासी महावीर नगर भरथना ने अपने तीन-चार साथियों के साथ रास्ते में खड़े थे। उन्होंने पहले मुझे रोका और फिर मेरी स्कूटी गिरा दी। मैं संभलकर जैसे ही खड़ा हुआ, इन लोगों ने मुझे घसीटते हुए ईंट के ठीहे पर बैठा दिया। प्रवीण ने कहा, ''उन्होंने गालियां देते हुए मेरे ऊपर हमला कर दिया। वे लोग लाठी-डंडे से लैस थे। इस दौरान मैंने बचने का प्रयास किया। उन्होंने एक के बाद एक कई बार मेरे ऊपर डंडे चलाए।'' शिक्षक ने बताया कि दबंग छात्रों ने उनके ऊपर महज इसलिए हमला किया क्योंकि उन्होंने उन्हें लड़कियों के बैच में आने की परमिशन नहीं दी थी। प्रवीण ने यह भी बताया कि दोनों छात्रों ने तीन दिन पहले ही कोचिंग में एडमिशन लिया था। इसके बाद वे लड़कियों के बैच में आने की जिद पर अड़ गए थे।
पूरे मामले पर इटावा एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह ने कहा कि प्राइवेट कोचिंग सेंटर के शिक्षक प्रवीण के साथ घटना हुई है। मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। दो की गिरफ्तारी हुई है। अन्य की तलाश जारी है। वहीं भरथना कोतवाल भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया है कि दबंग आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा 147, 323, 352 और 506 में मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Comments
Post a Comment